
राजनांदगांव | मनगटा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली गतिविधियों के विरुद्ध राजनांदगांव पुलिस ने ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत एक सप्ताह में दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए करारा प्रहार किया है। शराब एवं तेज़ डीजे को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सोमनी पुलिस द्वारा मनगटा क्षेत्र के रिसॉर्ट्स पर अचानक एवं प्रभावी छापेमारी की गई।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेंडर किरो के पर्यवेक्षण में अपराध नियंत्रण एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई।
नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेंडर किरो के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा मनगटा क्षेत्र में स्थित रिसॉर्ट्स पर औचक छापेमारी की गई। इस दौरान 30 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की टीम ने लगभग 53 रिसॉर्ट्स की सघन जांच की।
छापेमारी के दौरान लिलिपूट रिसॉर्ट, स्काई पुल रिसॉर्ट, एण्ड विला रिसॉर्ट, किम्बा फार्म रिसॉर्ट, क्लाउड नाईट रिसॉर्ट एवं फाईब्स रिसॉर्ट (मनगटा) में संचालकों/मैनेजरों द्वारा आगंतुकों को अवैध रूप से शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराते हुए पाया गया।
इस संबंध में पुलिस द्वारा
विजय मिश्रा (43),
खिलेश्वर प्रसाद साहू (29),
राकेश वैष्णव (37),
भूपेन्द्र साहू (21),
नागेन्द्र साकेत (24) एवं
बी. ललित कुमार (40)
के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई की गई।
मौके पर शराब का सेवन कर रहे व्यक्तियों को समझाइश दी गई तथा संबंधित सभी रिसॉर्ट संचालकों/मैनेजरों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 36(सी) के तहत कार्रवाई की गई।
इसके अलावा, पुलिस कार्रवाई से आक्रोशित होकर कुछ व्यक्तियों द्वारा वाद-विवाद कर शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया गया, जिस पर उनके विरुद्ध धारा 170/126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगाशा तैयार कर माननीय एसडीएम न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।









































