
राजनांदगांव शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा अवैध पार्किंग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। दिनांक 08 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरतन कश्यप के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।
यातायात पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सर्विस रोड एवं आम मार्ग पर नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान अग्रवाल ट्रांसपोर्ट तिराहा से अग्रवाल ट्रांसपोर्ट, पुराना बस स्टैंड चौक, पोस्ट ऑफिस चौक, रेलवे स्टेशन रोड, भगत सिंह चौक, महावीर चौक, गुरुद्वारा चौक, नया बस स्टैंड, अम्बेडकर चौक से मनोकामना होते हुए आर.के. नगर चौक तक दोनों ओर सर्विस रोड पर खड़े वाहनों पर लॉक लगाकर मोटरयान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
इसके साथ ही नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े दोपहिया वाहनों को क्रेन के माध्यम से हटाकर नियमानुसार कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 81 वाहनों पर मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने बताया कि सर्विस रोड पर अवैध पार्किंग के कारण आमजनों की आवाजाही बाधित होती है, जिसे ध्यान में रखते हुए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने एवं अन्य लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल में ही पार्क करें। सफेद पट्टी के भीतर वाहन खड़े करें तथा फ्लाईओवर के नीचे निर्धारित स्थानों पर ही पार्किंग करें, जिससे यातायात बाधित न हो। साथ ही शहर के सभी व्यापारियों से आग्रह किया गया है कि मालवाहक वाहनों में लोडिंग-अनलोडिंग जिला दंडाधिकारी द्वारा निर्धारित समय अनुसार ही कराएं और यातायात नियमों का पालन करें।









































