
राजनांदगांव। शहर के चिखली पुलिस थाना क्षेत्र में इन दिनों नशीली दवाओं और अन्य मादक पदार्थों का सेवन कर घूमने वाले लोगों की संख्या बढ़ने से क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नशे के आदी कुछ असामाजिक तत्व सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर उत्पात मचा रहे हैं तथा आए दिन मारपीट और विवाद की घटनाएं सामने आ रही हैं।

बताया जा रहा है कि मेट्रो ट्रेन क्षेत्र और आसपास के इलाकों में ऐसे लोगों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे आमजन, खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को असुरक्षा का एहसास हो रहा है। कई बार झगड़े और मारपीट की घटनाएं होने के बावजूद स्थानीय लोगों का कहना है कि चिखली पुलिस चौकी द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि नशे के कारोबार और सेवन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, नियमित गश्त बढ़ाई जाए और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण किया जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल बहाल हो सके।
पुलिस से कार्रवाई की मांग स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो वे सामूहिक रूप से उच्च अधिकारियों से शिकायत करने को मजबूर होंगे। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की सक्रियता बेहद जरूरी है।










































