खैरागढ़: पशु तस्करी करते दो आरोपी गिरफ्तार…


केसीजी। जिला केसीजी पुलिस टीम ने पशु तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मवेशी, एक मोटरसाइकिल एवं अन्य सामग्री जप्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 फरवरी 2026 को थाना गातापार क्षेत्र के पहाड़ी जंगल में पुलिस टीम ने दबिश देकर दो आरोपियों को मवेशियों को जंगल मार्ग से खैरागढ़ की ओर ले जाते हुए पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों की पहचान कुदरत खान (32 वर्ष), निवासी टीमकीटोला थाना बहेला जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) एवं भुनेश्वर बघेल (35 वर्ष), निवासी गाडाघाट थाना गातापार जिला केसीजी के रूप में हुई।

Advertisements


पुलिस के अनुसार आरोपी दो नग भैंस/पड़वा को नागपुर (महाराष्ट्र) स्थित कत्लखाने की ओर ले जा रहे थे। कार्रवाई के दौरान भुनेश्वर बघेल के कब्जे से एक भैंस एवं एक पड़वा, जिनकी अनुमानित कीमत 11 हजार रुपये आंकी गई, तथा तीन प्लास्टिक रस्सियां जप्त की गईं। वहीं कुदरत खान के कब्जे से होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 एमयू 0414, जिसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपये है, बरामद की गई।


पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अपराध क्रमांक 14/2026 के तहत धारा 4, 6, 10 छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 एवं पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। विधिसंगत कार्रवाई उपरांत आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
जिला केसीजी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पशु तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।