back to top

राजनांदगांव: गांधी सभागृह में मंचित हुआ नाटक “वो एक रात”, दर्शकों को भावुक कर गई प्रस्तुति…

राजनांदगांव। रविवार 22 फरवरी की शाम शहर के सांस्कृतिक आकाश में एक ऐसी रंगमंचीय प्रस्तुति हुई, जिसने दर्शकों के मन को झकझोर कर रख दिया। राजनांदगांव थियेटर ग्रुप द्वारा गांधी सभागृह में मंचित नाटक “वो एक रात” ने समाज की संवेदनशील नसों को छूते हुए न्याय व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।

Advertisements

करीब एक घंटे की इस प्रस्तुति के लेखक एवं निर्देशक रंगकर्मी रितेश सिंगाडे रहे। नाटक की कथा बच्चों की कफ सिरप सेवन से हुई मौत और उसके बाद न्यायिक अव्यवस्था की पृष्ठभूमि पर आधारित रही। मंच पर घटित घटनाक्रम ने दर्शकों को उस दर्दनाक “एक रात” का साक्षी बना दिया, जिसमें मासूम जिंदगियां व्यवस्था की खामियों के बीच खो जाती हैं।

कलाकारों के सशक्त अभिनय, संवादों की मार्मिकता और मंच संयोजन की सजीवता ने पूरे सभागृह को भावनाओं से भर दिया। कई दर्शकों की आंखें नम नजर आईं। प्रस्तुति ने यह संदेश दिया कि जागरूक समाज ही अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद कर सकता है।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर मधुसूदन यादव ने कलाकारों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन शहर की रचनात्मक ऊर्जा को दिशा देते हैं और नई पीढ़ी को रंगमंच से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने सामाजिक सरोकार से जुड़े विषयों पर नाटक मंचन को समय की आवश्यकता बताया।

नाटक के अंत में सभागृह तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। आयोजकों ने मुख्य अतिथि एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस प्रभावशाली मंचन के साथ राजनांदगांव थियेटर ग्रुप ने एक बार फिर साबित किया कि रंगमंच केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को आईना दिखाने की सशक्त विधा है।

Advertisements

You cannot copy content of this page