back to top

राजनांदगांव: पति ने दोस्त के साथ मिलकर की पत्नी की हत्या,48 घंटे में सुलझी गुत्थी…


राजनांदगांव/डोंगरगढ़। ग्राम भैंसरा स्थित बाबा आम बगीचा में मिली अज्ञात महिला की हत्या के मामले में डोंगरगढ़ पुलिस और साइबर सेल ने 48 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी पति समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

Advertisements


पुलिस के अनुसार 22 फरवरी 2026 को सूचना मिली थी कि बाबा आम बगीचा के पास नदी किनारे एक अज्ञात महिला का शव पड़ा है। महिला के सिर को पत्थर से कुचल दिया गया था और उसकी पहचान छिपाने की कोशिश की गई थी। सूचना पर थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्रमांक 92/2026 धारा 103(1), 61(2), 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।


पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री केशरी नंदन नायक एवं डीएसपी साइबर सेल श्री अलेक्जेंडर किरो के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष जायसवाल एवं साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार पम्मार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।


जांच के दौरान मृतका की पहचान पूर्णिमा नेताम (35 वर्ष), निवासी रविदास नगर राजनांदगांव के रूप में हुई। पूछताछ में पता चला कि घटना के बाद से उसका पति सुनील वंजारी (45 वर्ष), निवासी दल्लीराजहरा, फरार है और उसका मोबाइल बंद है। संदेह के आधार पर पुलिस ने बालोद और राजनांदगांव जिलों में सर्च अभियान चलाया।


आखिरकार पुलिस को आरोपी की लोकेशन डोंगरगांव में मिली, जहां घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सुनील वंजारी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते 21 फरवरी की शाम को उसे बाबा आम बगीचा ले जाकर पत्थर से हमला कर हत्या कर दी। इस वारदात में उसका साथी ज्योतिष सिंह नेताम (40 वर्ष), निवासी छिरपानी, डोंगरगढ़ भी शामिल था।


घटना के बाद आरोपी ने खून से सने कपड़े नष्ट करने के लिए अपने परिचित नीलकंठ साहू (71 वर्ष), निवासी मोहंदीपार, जिला बालोद को दिए, जिसने साक्ष्य मिटाने में सहयोग किया। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर तीनों आरोपियों को 24 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड हेतु न्यायालय में पेश किया।
इस कार्रवाई में थाना डोंगरगढ़ एवं साइबर सेल राजनांदगांव की संयुक्त टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक ने टीम की तत्परता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

Advertisements

You cannot copy content of this page