
राजनांदगांव। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से राजनांदगांव पुलिस द्वारा जिले में विशेष सघन कांबिंग गश्त अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन, श्री अलेक्जेंडर किरो एवं एसडीओपी डोंगरगांव श्रीमती मंजू लता बाज के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

अभियान के तहत थाना कोतवाली, बसंतपुर, डोंगरगांव एवं चौकी चिखली पुलिस द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में अड्डेबाज़ी स्थलों, आउटर क्षेत्रों और शहरी इलाकों में सघन जांच की गई। इस दौरान गुंडा-बदमाश, निगरानी बदमाश एवं अन्य असामाजिक तत्वों के घर पहुंचकर सत्यापन किया गया।
कांबिंग गश्त के दौरान 40 से अधिक व्यक्तियों की जांच की गई तथा आवश्यक समझाइश और वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके साथ ही आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों की भी जांच कर पूछताछ की गई। पूरे अभियान में 60 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
राजनांदगांव पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व को आपसी भाईचारे एवं शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की सतत निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।









































