राजनांदगांव : होली त्योहार में शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई…

राजनांदगांव। होली त्यौहार के मद्देनजर जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना सोमनी पुलिस ने गांव में शराब पीकर विवाद कर शांति भंग करने वाले 10 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।


पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के पर्यवेक्षण में होली के दौरान अपराध की रोकथाम और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत ग्राम बघेरा में कुछ लोग शराब सेवन कर आपस में वाद-विवाद कर शांति भंग करने का प्रयास कर रहे थे। सूचना मिलने पर सोमनी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए 10 लोगों को गिरफ्तार किया।


गिरफ्तार आरोपियों में जग्गु निषाद (23), अजीत निषाद (24), भोजराम साहू (23), भूपेंद्र निषाद (24), मुकेश साहू (27), जितेंद्र निषाद (22), रितेश निषाद (20), दुर्योधन यादव (26), यादराम (23) और ललित साहू (20) शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार करते हुए माननीय कार्यपालिक मजिस्ट्रेट राजनांदगांव के न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।