राजनांदगांव: दारू के पैसे को लेकर विवाद, दो महिलाओं ने किया हमला, पुलिस ने डोंगरगढ़ से पकड़ा…


राजनांदगांव। सिटी कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। दोनों आरोपियों ने शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने से नाराज होकर एक युवक और उसके परिजनों पर डंडा और फाइबर के बेंत से हमला कर दिया था।


पुलिस के अनुसार प्रार्थी संजय मंडावी (30 वर्ष) निवासी फ्लाईओवर के नीचे पोस्ट ऑफिस चौक राजनांदगांव ने 4 मार्च 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि 3 मार्च की रात करीब 12 बजे आरोपी आनंद बिहारी, सिमरन खान और विशाखा गोड़ ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और डंडा तथा फाइबर के बेंत से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में संजय मंडावी और उसके परिजनों को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए पेंड्री स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया।


मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 141/26 के तहत धारा 296, 351(3), 109(1), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नंदकिशोर गौतम के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने डोंगरगढ़ में घेराबंदी कर आरोपी फिरोजा उर्फ सिमरन (26 वर्ष) निवासी मोतीपुर रामनगर हाल ओवरब्रिज के नीचे फुटपाथ तथा विशाखा ठाकुर (21 वर्ष) निवासी ओवरब्रिज के नीचे फुटपाथ, थाना कोतवाली राजनांदगांव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा और फाइबर का बेंत भी जब्त किया।


दोनों आरोपियों को 7 मार्च 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर दुर्ग महिला जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी फिरोजा उर्फ सिमरन आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी मारपीट तथा एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं। मामले का एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम, उपनिरीक्षक नंदनी ठाकुर, महिला आरक्षक वर्षा ध्रुव सहित थाना पेट्रोलिंग और स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।