
राजनांदगांव के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में झपटमारी के एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं घटना में शामिल एक नाबालिग को परिजनों के सुपुर्द किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 मार्च 2026 को प्रार्थी ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि 18 मार्च की रात करीब 8 बजे नया बस स्टैंड के पास दो युवकों ने उसे रोककर मारपीट की और जेब से 12,200 रुपये निकालकर फरार हो गए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक मिलन सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी सुरेन्द्र बांसफोड़ उर्फ गोलिया (24 वर्ष), निवासी नया बस स्टैंड राजनांदगांव को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों के पास से कुल 5,770 रुपये बरामद किए हैं। शेष रकम खर्च होने की जानकारी मिली है।
पुलिस ने आरोपी को 20 मार्च 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं नाबालिग को विधि अनुसार परिजनों के सुपुर्द किया गया है।










































