राजनांदगांव:हनुमान जन्मोत्सव शोभायात्रा में उमड़ी नारीशक्ति, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम…

राजनांदगांव। संस्कारधानी के रूप में प्रसिद्ध राजनांदगांव में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर निकली भव्य शोभायात्रा में इस वर्ष नारीशक्ति की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। नगर की समृद्ध उत्सव परंपरा के अनुरूप यह विशाल शोभायात्रा हर वर्ष की तरह इस बार भी हनुमान जयंती आयोजन समिति (पेटी ग्रुप) के नेतृत्व में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई।

भगवान श्रीराम के परम भक्त हनुमान जी के जन्मोत्सव पर निकली इस अलौकिक शोभायात्रा में पूरे नगर के नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हुए। इस वर्ष विशेष रूप से बड़ी संख्या में महिलाओं ने शोभायात्रा में भाग लेकर न केवल अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, बल्कि विभिन्न स्थानों पर स्वागत और अभिनंदन कर कार्यक्रम को और भव्य बना दिया।

बागेश्वर धाम मंदिर की सेविका श्रीमती प्रज्ञा गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि समाज की धर्मसेवी महिलाओं से शोभायात्रा में शामिल होने का आव्हान किया गया था, जिसके परिणामस्वरूप इस वर्ष मातृशक्ति की विशेष भागीदारी रही। महिलाओं ने भक्तिमय वातावरण में “जय श्री राम, जय हनुमान” के जयघोष के साथ भगवा ध्वज लहराते हुए शोभायात्रा में जोश और आस्था का अद्भुत प्रदर्शन किया।

शोभायात्रा में शामिल नारीशक्ति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए हनुमान जयंती आयोजन समिति के झम्मन देवांगन, राजेन्द्र यादव, प्रज्ञा गुप्ता, संगीता शुक्ला, मोना गोसाई एवं साविता बोस ने सभी महिलाओं के उत्साहपूर्ण सहयोग की सराहना की।

इस भव्य आयोजन में प्रमुख रूप से संगीता शुक्ला, मोना गोसाई, ज्योति खंडेलवाल, छन्दा साहा, ममता सोनी, स्वीटी शर्मा, साविता बोस, ऋतु रायजादा, बबीता शर्मा, पम्पा सिन्हा, सुशीला देवांगन, अंजू अहिरवार, मीना यादव सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।