
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। जिले में मोबाइल टावरों से बैटरी चोरी के मामलों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए । आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज 4 प्रकरणों की जांच के बाद पुलिस ने कुल 11.21 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगे जियो टावरों से अज्ञात आरोपियों द्वारा बैटरियां चोरी की जा रही थीं। इन घटनाओं के संबंध में थाना मानपुर (12 अप्रैल), खड़गांव (13 अप्रैल), औंधी एवं कोहका (14 अप्रैल) में प्रकरण दर्ज किए गए थे। चोरी गई बैटरियों की कुल कीमत लगभग 11.70 लाख रुपये आंकी गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर एक पिकअप वाहन (CG24W9361) की पहचान की। वाहन चालक माखन तुमरेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिससे पूरे गिरोह का खुलासा हुआ।
जांच में सामने आया कि आरोपी देवराज बघेल के साथ मिलकर जियो कंपनी में कार्यरत हेमंत सिन्हा एवं भूपेंद्र रंगारी टावरों की लोकेशन उपलब्ध कराते थे। इसके बाद बैटरियों की चोरी कर उन्हें पिकअप वाहन के माध्यम से भानुप्रतापपुर के कबाड़ी वीरेंद्र नेताम को बेचा जाता था।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कहडाबरी जंगल से 93 नग बैटरियां (कीमत करीब 3.20 लाख रुपये) बरामद की हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त डिजायर कार, पिकअप वाहन, नगदी 30 हजार रुपये तथा 5 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पकड़े गए आरोपियों में हेमंत कुमार सिन्हा (22), भूपेंद्र रंगारी (23), माखन तुमरेटी (45), वीरेंद्र नेताम (32) और देवराज बघेल (30) शामिल हैं। सभी आरोपियों को 15 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।










































