back to top

राजनांदगांव: मोबाइल दुकान में चाकू की नोक पर लूट, आरोपी गिरफ्तार…

राजनांदगांव। चिखली चौकी क्षेत्र में मोबाइल दुकान में घुसकर चाकू की नोक पर लूट करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लूट की रकम और घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है।

Advertisements


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 24 अप्रैल 2026 की रात आदतन बदमाश सूरज वाहने अपने एक साथी के साथ उसकी मोबाइल दुकान में घुसा। दोनों ने गाली-गलौज करते हुए चाकू दिखाकर प्रार्थी की जेब से 3000 रुपये और दुकान के गल्ले से नगदी लूट ली। बीच-बचाव करने आए प्रार्थी के साथी के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की।


मामले में पुलिस ने धारा 311, 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के मार्गदर्शन में चिखली चौकी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सूरज वाहने (29 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 6 चिखली को दीनदयाल कॉलोनी से गिरफ्तार किया।


पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसने बताया कि लूटी गई रकम का आपस में बंटवारा कर खर्च कर दिया, जिसमें से 1000 रुपये उसके पास से बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी से लूट की रकम और घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। फरार अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कैलाश चंद्र मरई, सहायक उपनिरीक्षक शत्रुघ्न टंडन, प्रधान आरक्षक अरुण नेताम, आरक्षक आदित्य सोलंकी, सुनील बैरागी, गोपाल पैंकरा और टीकाराम ध्रुव की सराहनीय भूमिका रही।

Advertisements

You cannot copy content of this page