
राजनांदगांव। पूज्य सिंधी पंचायत, हेमू कालाणी नगर राजनांदगांव द्वारा आयोजित पीएसपी सिंधु खेल महोत्सव के अंतर्गत क्रिकेट लीग प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ रॉयल किड्स स्कूल परिसर में रात्रि 7 बजे किया गया। 14 मई से 17 मई 2026 तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता को लेकर खेल प्रेमियों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
आयोजन में बच्चे, युवा, महिलाएं, पुरुष एवं बुजुर्ग परिवार सहित बड़ी संख्या में शामिल हुए और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। खेल महोत्सव का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ समाज में खेल भावना, भाईचारे और एकता को बढ़ावा देना है।
जनसंपर्क प्रभारी अमर लालवानी ने कहा कि सिंधु खेल महोत्सव केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि समाज को एक मंच पर जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।
वहीं जनसंपर्क प्रभारी अरुण डुलानी ने कहा कि इस आयोजन में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी देखने को मिलेगी। खेल के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का यह एक सराहनीय प्रयास है।
समाज के अध्यक्ष मन्नू मल मोटवानी ने कहा कि सिंधु खेल महोत्सव का उद्देश्य समाज के लोगों को एकजुट करना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना है। ऐसे आयोजन समाज में नई ऊर्जा का संचार करते हैं तथा युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से बच्चों को मोबाइल से दूर रखा जा सकता है।
आयोजन के शुभारंभ के साथ ही खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और आगामी मुकाबलों को लेकर प्रतिभागियों में विशेष उत्सुकता बनी हुई है।










































