राजनांदगांव जिला रजक धोबी समाज की बैठक संपन्न, शहर परिक्षेत्र सचिव पद पर दीपक रजक का पुनः चयन…

जिला पदाधिकारियों की मौजूदगी में आय-व्यय प्रस्तुत, जिला अध्यक्ष,सचिव और कोषाध्यक्ष चयन प्रक्रिया अगली बैठक तक टली

राजनांदगांव। जिला रजक धोबी समाज की महत्वपूर्ण बैठक दीनदयाल नगर स्थित सामाजिक भवन में रविवार को आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत भगवान शिव एवं संत शिरोमणि गाडगे जी महाराज के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना कर तथा सामाजिक बंधुओं एवं पदाधिकारियों को तिलक लगाकर की गई।

बैठक में जिला पदाधिकारियों सहित विभिन्न परिक्षेत्रों के अध्यक्ष एवं सचिव उपस्थित रहे। इस दौरान पूर्व कार्यकाल का आय-व्यय विवरण समाज के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिस पर सामाजिक बंधुओं ने चर्चा की। इसके बाद जिला अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष पद के चयन की प्रक्रिया प्रारंभ की गई, लेकिन सामाजिक सदस्यों के बीच सर्वसम्मति नहीं बन पाने के कारण आगामी बैठक में पुनः प्रक्रिया पूरी करने पर सहमति बनी।

आपको बता दे कि जिला अध्यक्ष डॉ लेखराम निर्मलकर का तीन साल का कार्यकाल बहुत ही सफलतापुर्वक रहा जिसमें उन्होंने अपने सामाजिक पद का निर्वहन गंभीरतापूर्वक करते हुए सामाजिक एकजुटता और समाज के महत्वपूर्ण विकास कार्यों को पूर्ण किया है।

इसी दौरान राजनांदगांव शहर परिक्षेत्र रजक समाज के अध्यक्ष गोपी रजक ने जिला अध्यक्ष डॉ. लेखराम निर्मलकर की अनुशंसा पर शंकरपुर निवासी दीपक रजक को शहर परिक्षेत्र सचिव पद पर पुनः चयनित करने की घोषणा की। दीपक रजक के पुनः चयन पर समाज के लोगों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।

बैठक में सामाजिक एकता, संगठन मजबूती एवं समाजहित से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई। उक्त जानकारी समाज के मीडिया प्रभारी लोकेश रजक ने दी।