
राजनांदगांव। राह चलते लोगों को रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगने, मारपीट करने और धमकी देने वाले बदमाशों के खिलाफ बसंतपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं मामले में शामिल चार विधि से संघर्षरत बालकों को संरक्षणात्मक अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और डंडा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में राहगीरों को रोककर शराब के लिए पैसे मांगने और विरोध करने पर मारपीट करने की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा था। इस संबंध में बसंतपुर थाना में तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए थे।
पहले मामले में ग्राम गठुला निवासी भुनेश्वर साहू ने शिकायत दर्ज कराई कि 28 मई की शाम नंदई नाका से लौटते समय कुछ युवकों ने उन्हें रोककर मोबाइल और पैसे छीनने का प्रयास किया तथा शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर मारपीट और धमकी दी।
दूसरे मामले में स्टेशनपारा निवासी मयंक सायम ने बताया कि 29 मई की सुबह गंज मंडी परिसर में खड़े रहने के दौरान हिमांशु यादव और अंकुश राजपूत ने शराब के लिए पैसे मांगे। मना करने पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
तीसरे मामले में कंचनबाग निवासी रितेश भारती ने शिकायत दर्ज कराई कि सब्जी मंडी परिसर में अंकुश और हिमांशु ने शराब के लिए पैसे मांगे। पैसे नहीं होने की बात कहने पर चाकू और डंडे से हमला कर मोटरसाइकिल को नुकसान पहुंचाया तथा धमकी दी।
मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने दबिश देकर आरोपी हिमांशु यादव (21), अंकुश राजपूत (19), उज्ज्वल रजक (20) और आदित्य साहू उर्फ आदिल (19) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उनके कब्जे से चाकू और डंडा जप्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। वहीं चार विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की गई है।










































