
राजनांदगांव। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” कार्यक्रम के तहत गुजरात पुलिस के 15 सदस्यीय दल ने 17 मई से 6 जून 2026 तक राजनांदगांव रेंज का भ्रमण कर छत्तीसगढ़ की पुलिस कार्यप्रणाली, संस्कृति और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित समापन कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने गुजरात से आए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मान किया।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत वर्ष 2026 के लिए छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव रेंज को गुजरात पुलिस के अध्ययन भ्रमण हेतु चुना गया है। गुजरात और छत्तीसगढ़ को “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” योजना के तहत जोड़ी राज्य के रूप में निर्धारित किया गया है, जिसके माध्यम से दोनों राज्यों के पुलिसकर्मी एक-दूसरे की कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित हो रहे हैं।
भ्रमण के दौरान गुजरात पुलिस दल ने महिला प्रकोष्ठ, अजाक थाना, आईयूसीएडब्ल्यू इकाई, नगर सेना कार्यालय, जिला जेल, यातायात शाखा, साइबर सेल, पुलिस प्रशिक्षण केंद्र सहित विभिन्न पुलिस इकाइयों का अवलोकन किया। इसके अलावा दल ने राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कबीरधाम तथा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों के पुलिस कार्यों की जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ पर्यटन, धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक स्थलों का भी भ्रमण किया।
समापन समारोह में गुजरात पुलिस दल के सदस्यों ने छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां की लोककला, संस्कृति और पुलिस की सहज, सरल एवं मानवीय कार्यशैली से परिचित होकर वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कहा कि ऐसे आदान-प्रदान कार्यक्रमों से दोनों राज्यों के पुलिस बलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है तथा राष्ट्रीय सुरक्षा, कानून व्यवस्था और सांस्कृतिक समृद्धि को बढ़ावा मिलता है।
गौरतलब है कि इसी कार्यक्रम के तहत राजनांदगांव रेंज से भी 15 पुलिसकर्मियों का दल गुजरात के विभिन्न जिलों और शहरों के अध्ययन भ्रमण पर भेजा गया है। दोनों राज्यों के पुलिसकर्मी एक-दूसरे की कार्यप्रणाली को समझकर बेहतर अनुभव साझा कर रहे हैं।










































