
राजनांदगांव। जिले में अवैध गतिविधियों के चलाए जा रहे अभियान के तहत चिचोला पुलिस और डोंगरगढ़ डिवीजन की स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक ढाबे पर छापा मारकर भारी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित डीजल जब्त किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि यूपी प्रतापगढ़ ढाबा (जुम्मन ढाबा), रामपुर (खातूटोला) स्थित आरटीओ बैरियर के पास अवैध रूप से डीजल का भंडारण कर ट्रक चालकों को बेचा जा रहा है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री केसरीनंदन नायक के निर्देशन में चिचोला पुलिस और स्पेशल टीम ने संयुक्त रूप से दबिश दी।
पुलिस की रेड के दौरान डीजल खरीदने आए कुछ लोग पुलिस को देखकर खेत और जंगल की ओर भाग निकले। मौके पर मौजूद बहादूर अली (50 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान विभिन्न जरीकेन और प्लास्टिक केनों में भरा हुआ 610 लीटर डीजल बरामद किया गया, जिसकी कीमत 62,830 रुपये आंकी गई। इसके अलावा डीजल बिक्री से प्राप्त 500 रुपये नकद भी जब्त किए गए। कुल जब्ती की कीमत 63,330 रुपये है।
पूछताछ में बहादूर अली ने बताया कि वह जुम्मन ढाबा में मैनेजर के रूप में कार्य करता है और ढाबा संचालक अतीक खान उर्फ जुम्मन खान के निर्देश पर डीजल के भंडारण और बिक्री का काम करता था। डीजल रखने और बेचने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 एवं 7 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वहीं मामले का मुख्य आरोपी अतीक खान उर्फ जुम्मन खान, निवासी रामपुर खातूटोला, फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि अवैध कारोबार और आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










































