
निर्माणाधीन नालंदा परिसर, रानीसागर, एसएलआरएम सेंटर, एसटीपी एवं 120 मेगावाट सोलर पावर प्लांट का लिया जायजा
नालंदा परिसर का निर्माण समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने दिए निर्देश
राजनांदगांव 12 जून 2026। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव सुश्री आर. शंगीता ने आज राजनांदगांव शहर के विभिन्न विकास कार्यों एवं परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान महापौर श्री मधुसूदन यादव, कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव उपस्थित रहे। सचिव सुश्री आर. शंगीता ने राज्य शासन की प्राथमिकता वाली योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन नालंदा परिसर का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माणाधीन कार्य को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने भवन निर्माण पूर्ण होने के तीन से चार माह पूर्व ही लाइब्रेरी एवं कैंटीन संचालन की प्रक्रिया प्रारंभ करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने परिसर में पौधरोपण भी किया।
सचिव सुश्री आर. शंगीता ने शहर के प्रमुख जलाशय रानीसागर का निरीक्षण कर इसके सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने रानीसागर के आसपास स्थित दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरा तालाब में नहीं फेंकने के निर्देश दिए। उन्होंने कचरा प्रबंधन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने राजनांदगांव के 18 एकड़ में एसएलआरएम सेंटर का निरीक्षण कर स्वच्छता दीदियों से गीले एवं सूखे कचरे के संग्रहण और प्रबंधन की जानकारी ली। उन्होंने स्वच्छता कार्य में लगे सभी कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कार्य करने के निर्देश दिए।
सचिव सुश्री आर. शंगीता ने मिशन अमृत 2.0 के अंतर्गत सेप्टेज मैनेजमेंट योजना के तहत मोहारा-सिंगदई स्थित एमएलडी एसटीपी का निरीक्षण कर संचालन व्यवस्था का जायजा लिया। इसके पश्चात उन्होंने तुमड़ीबोड़ ढाबा स्थित 120 मेगावाट सोलर पावर प्लांट का भी निरीक्षण किया तथा परियोजना से संबंधित जानकारी ली। इस अवसर पर संचालक नगरीय प्रशासन श्री आर एक्का, सीईओ राज्य शहरी विकास प्राधिकरण श्री शशांक पाण्डे, उप कार्यपालन अधिकारी श्री सचित साहू व श्री सुनील अग्रहरि, संयुक्त संचालक क्षेत्रीय कार्यालय दुर्ग श्री जय प्रकाश साहू, आयुक्त नगर निगम श्री अतुल विश्वकर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।










































