
राजनांदगांव। बसंतपुर थाना पुलिस ने छेड़छाड़, अश्लील गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के महज तीन घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना बसंतपुर क्षेत्र की एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पठानपारा निवासी अशद कुरैशी (29 वर्ष) उसे लगातार फोन कर बातचीत करने और मिलने का दबाव बनाता था। युवती के अनुसार, आरोपी बार-बार फोन कर उसे परेशान करता था।
शिकायत में बताया गया कि 12 जून 2026 की शाम करीब 5 बजे आरोपी युवती के घर के सामने पहुंच गया। फोन पर बात नहीं करने और मिलने नहीं आने की बात को लेकर उसने अश्लील गाली-गलौज की तथा युवती के भाइयों को जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने युवती का हाथ और बांह पकड़कर उसके साथ छेड़छाड़ भी की।
पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 283/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74, 296 एवं 351(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।









































