खैरागढ़: लिफ्ट देने के बहाने महिला से छेड़छाड़, दो आरोपी गिरफ्तार…

केसीजी। साल्हेवारा थाना पुलिस ने अनुसूचित जनजाति वर्ग की महिला से लिफ्ट देने के बहाने छेड़छाड़ करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।


पुलिस के अनुसार, 25 वर्षीय महिला ने 10 जून 2026 को थाना साल्हेवारा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 8 जून को वह मनरेगा कार्य के लिए फोटो खिंचवाने चूल्हा खोदरा जंगल तालाब जा रही थी। रास्ते में प्रेमलाल साहू के खेत के पास ग्राम देवपुराघाट निवासी सिरताज खान अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से पहुंचा और उसे गंतव्य तक छोड़ने की बात कही।


महिला आरोपियों की बात मानकर मोटरसाइकिल में बैठ गई। आरोप है कि दोपहर करीब 3:15 बजे बांधाटोला स्थित प्रतीप तिलगाम के खेत के पास दोनों आरोपियों ने मोटरसाइकिल रोककर महिला का हाथ और बांह पकड़कर उसके साथ छेड़छाड़ की। महिला के शोर मचाने पर दोनों आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल की ओर भाग गए।


पीड़िता की शिकायत पर थाना साल्हेवारा में अपराध क्रमांक 20/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74, 75(2), 3(5) तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(1)(11) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।


वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 W 1488 जब्त कर ली। आरोपी रितेश मारकंडे की पहचान परेड भी कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष कराई गई।


पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने सिरताज खान (29 वर्ष) और रितेश मारकंडे (18 वर्ष 9 माह), दोनों निवासी देवपुराघाट, थाना साल्हेवारा, जिला केसीजी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।