
राजनांदगांव, 20 जून। मारपीट एवं हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में लालबाग पुलिस को सफलता मिली है। आरोपी घटना के बाद से फरार था, जिसे पुलिस ने लगातार पतासाजी और मुखबिर की सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी युवराज साहू (38 वर्ष) निवासी अटल आवास पेंड्री ने थाना लालबाग में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 मई 2026 की रात करीब 8:45 बजे वह अपने घर के पास मोबाइल पर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान मोहल्ले के विजय नेताम, दीपक उर्फ टिकली नेताम और जय उर्फ जया नेताम वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मारपीट करने लगे।
बीच-बचाव करने पहुंचे प्रार्थी के पिता गिरधारी साहू के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। इस दौरान आरोपी विजय नेताम ने फरसा (टंगिया) से गिरधारी साहू के सिर पर हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई। घायल को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री में भर्ती कराया गया।
मामले में थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 207/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(2), 109(1) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 18 मई 2026 को दो आरोपियों दीपक उर्फ टिकली नेताम और विजय नेताम को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त फरसा बरामद किया था। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया था।
वहीं प्रकरण का तीसरा आरोपी जय उर्फ जया नेताम (23 वर्ष), निवासी अटल आवास पेंड्री, घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी लगातार तलाश जारी रखी और 20 जून को उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को विधिवत न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी जय उर्फ जया नेताम निगरानी बदमाश एवं हिस्ट्रीशीटर है, जिसके विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।









































