
केसीजी, 20 जून। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गातापार पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 45 पौवा शराब, नकदी और मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिला केसीजी पुलिस द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 20 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मुढीपार निवासी करण सिन्हा अपने चखना दुकान के सामने अवैध रूप से देशी शराब बिक्री के लिए रखे हुए है।
सूचना के आधार पर थाना गातापार पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान आरोपी करण सिन्हा (20 वर्ष), पिता नान्हूद सिन्हा, निवासी ग्राम मुढीपार, थाना गातापार को पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 35 पौवा सुपर-36 प्लेन देशी मदिरा और 10 पौवा गोवा स्पेशल शराब, कुल 45 पौवा (8.100 बल्क लीटर) शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 4 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा एक रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन और शराब बिक्री से प्राप्त 1,680 रुपये नकद भी जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 9,680 रुपये आंकी गई है।
पुलिस द्वारा वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब और अन्य सामग्री जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 38/2026 के तहत धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया।










































