back to top

राजनांदगांव: पुलिस महानिरीक्षक बालाजी राव ने 40 प्रशिक्षु उप निरीक्षकों की ली बैठक, आधुनिक पुलिसिंग और डिजिटल तकनीकों पर दिया जोर…

राजनांदगांव, 23 जून 2026। राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) श्री बालाजी राव ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय राजनांदगांव के मीटिंग हॉल में राजनांदगांव रेंज के नव पदस्थ प्रशिक्षु उप निरीक्षकों की परिचयात्मक एवं प्रशिक्षण समीक्षा बैठक ली।

Advertisements

बैठक में जिला राजनांदगांव के 13, कबीरधाम के 12, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के 6 तथा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के 9 प्रशिक्षु उप निरीक्षकों सहित कुल 40 प्रशिक्षु उप निरीक्षक उपस्थित रहे।

आईजी श्री बालाजी राव ने प्रशिक्षु अधिकारियों को पुलिस सेवा के प्रारंभिक प्रशिक्षण को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और लगन के साथ सीखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित विभिन्न कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने तथा संबंधित रजिस्टरों में स्वयं की हस्तलिपि से प्रविष्टियां करने के निर्देश दिए।

प्रशिक्षण के दौरान बीट आरक्षक, संत्री ड्यूटी, मुल्जिम पेशी, गश्ती कार्य, मोहर्रिर एवं मालखाना कार्य, लोक अभियोजन, जिला विशेष शाखा, एमएलसी, एफएसएल कार्य, न्यायालयीन प्रक्रिया, जेल संबंधी कार्यों तथा थाना प्रभारी के स्वतंत्र प्रभार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

अपने संबोधन में आईजी ने कहा कि वर्तमान समय में बेसिक पुलिसिंग के साथ-साथ डिजिटल तकनीकों और आधुनिक पुलिसिंग के नए आयामों को समझना भी आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को नेटग्रिड, क्राइमेक, मेडलीपार, सीसीटीएनएस, ई-साक्ष्य, ई-मालखाना, ई-रोजनामचा, ई-चार्जशीट और आईसीजेएस जैसी डिजिटल प्रणालियों का व्यवहारिक ज्ञान प्राप्त करने तथा स्वयं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने की सलाह दी।

उन्होंने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन और भविष्य में साइबर अपराधों से उत्पन्न चुनौतियों से निपटने के लिए भी प्रशिक्षुओं को आवश्यक मार्गदर्शन दिया। आईजी ने कहा कि नक्सलवाद के कमजोर पड़ने के बाद साइबर अपराध पुलिस के सामने एक बड़ी चुनौती के रूप में उभर रहे हैं, इसलिए इस क्षेत्र में दक्षता विकसित करना समय की आवश्यकता है।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर, रक्षित निरीक्षक लोकेश कसेर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कबीरधाम श्री अमित पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी श्री पीतांबर पटेल तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खैरागढ़-छुईखदान-गंडई श्री नितेश गौतम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisements

You cannot copy content of this page