back to top

राजनांदगांव: प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से सरिता सोनवानी का बिजली बिल हुआ शून्य…

राजनांदगांव 24 जून 2026। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ग्रामीण परिवारों के लिए आर्थिक बचत और ऊर्जा आत्मनिर्भरता का प्रभावी माध्यम बन रही है। राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम बरगा निवासी श्रीमती सरिता सोनवानी ने अपने घर की छत में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत 3 किलोवॉट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित किया है।

Advertisements

जिससे उनका बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है और ऋणात्मक बिजली बिल आ रहा है। श्रीमती सरिता सोनवानी ने बताया कि उन्होंने ग्राम बरगा में योजना के तहत सबसे पहले अपने घर में सोलर पैनल स्थापित कराया है। उनके इस प्रयास से गांव के अन्य लोगों में भी योजना के प्रति जागरूकता बढ़ी है तथा कई परिवार अब सोलर पैनल लगाने के लिए रूचि दिखा रहे हैं।


श्रीमती सरिता सोनवानी ने बताया कि सोलर पैनल लगवाने से पहले उनके घर में बिजली की खपत अधिक होने के कारण गर्मी के मौसम में बिजली बिल लगभग 2 हजार रूपए प्रतिमाह तक पहुंच जाता था। बढ़ते बिजली खर्च से राहत पाने के लिए वे किसी स्थायी समाधान की तलाश में थी। इसी दौरान उन्हें ग्राम पंचायत सचिव से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी मिली।

योजना से प्रेरित होकर उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के तहत वेन्डर का चयन किया तथा बैंक ऋण के लिए आवेदन किया। बैंक द्वारा त्वरित प्रक्रिया पूरी करने के बाद जनवरी 2026 में उनके घर की छत पर 3 किलोवॉट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित कर दिया गया।

स्थापना के बाद उन्हें एक माह के भीतर योजना के अंतर्गत 1 लाख 8 हजार रूपए की सब्सिडी भी प्राप्त हुई, जिससे उनकी आर्थिक जिम्मेदारी काफी कम हो गई।


श्रीमती सरिता ने बताया कि सोलर पैनल का रख-रखाव बेहद सरल है और इसके संचालन में अतिरिक्त खर्च नहीं होता। सोलर पैनल लगने के बाद उनके घर का बिजली बिल शून्य हो गया है। इतना ही नहीं, उनके घर में खपत से अधिक बिजली का उत्पादन हो रहा है, जिससे अतिरिक्त यूनिट विद्युत ग्रिड में भेजी जा रही हैं।

इसके बदले उन्हें भविष्य में अतिरिक्त आय भी प्राप्त होगी। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना आम नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी है। इससे न केवल बिजली बिल में बचत होती है, बल्कि स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलता है।

Advertisements

You cannot copy content of this page