वन विभाग में नौकरी का झांसा देकर युवती से 60 हजार की ठगी, रायपुर के युवक पर केस दर्ज…

डोंगरगांव। समीपस्थ ग्राम बम्हनीभांठा की एक युवती को वन विभाग में नौकरी लगाने का झांसा देते हुए रायपुर के एक युवक ने उससे 60 हजार रू. ठग लिये। फरवरी माह में दिये रकम के बाद भी जब नौकरी नहीं मिली तो युवती ने रकम वापस करने दबाव बनाया तो अब आरोपी का मोबाईल बंद आ रहा है।

इसके बाद अपने साथ हुई ठगी की शिकायत युवती द्वारा स्थानीय आरक्षी केन्द्र में की गई है। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट अनुसार बम्हनीभांठा निवासी एक युवती से रायपुर निवासी प्रणय चतुर्वेदी से जान पहचान हुई, जिसके बाद उसके द्वारा युवती को वन विभाग में नौकरी लगाने का वादा करते हुए उनके समस्त प्रकार के प्रमाण पत्र उनसे मांग लिये।

साथ ही नौकरी लगाने के एवज में 60 हजार रू. की मांग की जिसमें से 23 हजार रू. युवती द्वारा रायपुर जाकर आरोपी को दिये गये तथा शेष रकम को दो-तीन बार करके फोन पे के माध्यम से अदा किये। आरोपी ने उसे फरवरी माह में नौकरी लगाने का वादा किया था, लेकिन फरवरी, मार्च और अप्रैल माह गुजर जाने के बाद भी जब उसको नौकरी नहीं लगी तो युवती ने आरोपी से वापस रकम और प्रमाण पत्रों की मांग की।

शुरू-शुरू में आरोपी ने उनसे बात की, लेकिन उसके बाद पिछले कुछ दिनों से अपने मोबाईल को बंद कर दिया है, जिसके कारण युवती ने अपने आपको ठगा महसूस करते हुए थाने में आरोपी के विरूद्ध आवेदन देकर एफआईआर दर्ज करवाई है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी प्रणय चतुर्वेदी निवासी रायपुर के विरूद्ध बीएनएस की धारा 318 (4) के तहत् अपराध पंजीबद्ध करते हुए विवेचना में लिया है।