back to top

राजनांदगांव: पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सूर्य सखियों को दिया गया प्रशिक्षण…

राजनांदगांव 22 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव की उपस्थिति में जिला पंचायत सभाकक्ष में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत स्वसहायता समूह की सदस्यों को सूर्य सखी के रूप में प्रशिक्षित करने एक दिवसीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।

 इस दौरान पद्मश्री फूलबासन यादव, सीईओ जिला पंचायत श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी उपस्थित थे। कार्यशाला में बताया गया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत हितग्राहियों के आवास में सोलर इकाई स्थापित किए जाने संबंधी कार्य के लिए छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान (एनआरएलएम) अंतर्गत गठित संकुल स्तरीय संगठन को वेंडर बनाने के लिए स्वसहायता समूह सदस्यों को सूर्य सखी के रूप में प्रशिक्षित एवं विकसित किया जा रहा है। 

इस दौरान छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान (एनआरएलएम) अंतर्गत गठित संकुल स्तरीय संगठन एवं समूह सदस्यों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की विस्तृत जानकारी एवं आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया।

अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री मुनीष शर्मा ने बताया कि शासन द्वारा योजना अंतर्गत आवेदक को मात्र 5.75 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना अंतर्गत वेण्डर के रूप में चयनित संकुलों द्वारा हितग्राहियों के आवास में सोलर इकाई की स्थापना कर आजीविका में वृद्धि की जा सकती है। 

साथ ही चयनित सूर्य सखी ग्रामीण क्षेत्रों में योजना का प्रचार-प्रसार एवं हितग्राही चयन का कार्य कर सकेगी।  विद्युत विभाग के सहायक अभियंता श्री प्रकाश वर्मा ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, केन्द्र शासन एवं राज्य शासन से प्राप्त होने वाली अनुदान राशि सहित अन्य जानकारी दी। इस अवसर पर एनआरएलएम के अधिकारी-कर्मचारी, 16 संकुलों से चयनित कुल 80 सूर्य सखी (समूह सदस्य) उपस्थित थे। 

Advertisements

You cannot copy content of this page