
मोहला, 23 जुलाई 2026। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (मध्यान्ह भोजन) योजना के संचालन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों में निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा स्वच्छता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।
बैठक में विभागीय अधिकारी ने बताया कि जिले के 835 विद्यालयों में पीएम पोषण योजना नियमित रूप से संचालित हो रही है। कलेक्टर ने भोजन पकाने के स्थान, किचन-कम-स्टोर तथा खाद्यान्न भंडारण की स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था की विशेष समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिए कि भोजन परोसने से पूर्व प्रभारी शिक्षक अथवा प्रधानपाठक द्वारा प्रतिदिन भोजन का स्वाद परीक्षण कर पंजी का नियमित संधारण किया जाए।
विभागीय अधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले के 486 विद्यालयों में पोषण वाटिका (किचन गार्डन) विकसित की जा चुकी है। शेष विद्यालयों में उपलब्ध भूमि एवं स्थानीय परिस्थितियों अनुसार अन्य विकल्पों के माध्यम से पोषण वाटिका विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर ने एंड्रॉयड मोबाइल ऐप के माध्यम से विद्यार्थियों की दैनिक उपस्थिति एवं लाभान्वित बच्चों की संख्या की ऑनलाइन प्रविष्टि की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत समयबद्ध प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि योजना अंतर्गत खाद्यान्न का समय-सीमा में आवंटन किया जा रहा है तथा सभी विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था उपलब्ध है। फोलिक एसिड टैबलेट कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को शत-प्रतिशत वितरण एवं सेवन सुनिश्चित किया गया है।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने कहा कि पीएम पोषण योजना बच्चों के पोषण स्तर में सुधार, विद्यालयों में उपस्थिति बढ़ाने तथा स्वस्थ शैक्षणिक वातावरण निर्माण की महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, सहायक अधिकारियों एवं संबंधित विभागों को नियमित मॉनिटरिंग कर किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।









































