राजनांदगांव: यातायात जागरूकता अभियान तेज, स्कूली बच्चों को नियमों का पालन करने का दिया संदेश…

राजनांदगांव । सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति स्कूली विद्यार्थियों को जागरूक बनाने के उद्देश्य से राजनांदगांव यातायात पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न विद्यालयों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

यातायात शाखा के सहायक उप निरीक्षक कुंज लाल साहू, शरद मसीह, प्रधान आरक्षक खम्हन सिन्हा तथा आरक्षक सोमेश सिंह, रविकांत देवांगन और संदीप कुर्रे ने रॉयल किड्स कॉन्वेंट स्कूल, बाल भारती पब्लिक स्कूल, गुरु नानक स्कूल, पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्कूल, वेसलियन स्कूल, वाइडनियर स्कूल और जेएमजे स्कूल के विद्यार्थियों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा की विस्तृत जानकारी दी।

इस दौरान विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन नहीं चलाने की सलाह दी गई। साथ ही सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने, यातायात संकेतों और सिग्नलों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।

यातायात पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाएं, ताकि सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था स्थापित की जा सके।