उड़ान महिला सिलाई एवं फैशन बुटीक समूह बना महिलाओं की आत्मनिर्भरता का आधार…

  • शासन की सहायता से मिला स्वरोजगार, 15 दिनों में लगभग 30 हजार की आय अर्जित
  • मोहला 29 जुलाई 2026। शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इसी कड़ी में विकासखंड मोहला में संचालित उड़ान महिला सिलाई एवं फैशन बुटीक समूह महिलाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम बनकर उभरा है।
  • समूह से जुड़ी 11 महिलाएं ब्लाउज, सूट, पेटीकोट, पिको-फॉल, फ्रॉक, पटियाला, बैग सहित विभिन्न प्रकार के परिधानों की सिलाई एवं फैशन डिजाइनिंग का कार्य कर रही हैं। साथ ही स्थानीय दुकानों से कपड़े लेकर सिलाई का कार्य कर अपनी आय में निरंतर वृद्धि कर रही हैं।
  • समूह को आगे बढ़ाने एवं स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के लिए शासन द्वारा मुख्यमंत्री कोष से 2 लाख 80 हजार तथा ग्राम संगठन के माध्यम से 1 लाख का ऋण उपलब्ध कराया गया है। इस आर्थिक सहयोग से महिलाओं को आधुनिक सिलाई एवं बुटीक कार्य शुरू करने में सहायता मिली है।
  • उड़ान महिला सिलाई एवं फैशन बुटीक समूह की अध्यक्ष श्रीमती रेखा बंजारे ने बताया कि पहले समूह की सभी महिलाएं केवल घरेलू कार्यों तक सीमित थीं, लेकिन आज वे आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं।
  • उन्होंने बताया कि संस्थान में सिलाई प्रशिक्षण, बुटीक एवं फैशन डिजाइनिंग के साथ-साथ ब्लाउज, ड्रेस, बैग, फ्रॉक, पटियाला, पेटीकोट सहित विभिन्न प्रकार के परिधानों की सिलाई की जाती है। इसके अलावा अन्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से कौशल विकास प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा रहा है।
  • उन्होंने बताया कि संस्थान की शुरुआत 14 जुलाई 2026 को हुई थी और मात्र 15 दिनों में समूह लगभग 30 हजार की आय अर्जित कर चुका है। यह उपलब्धि समूह की मेहनत, कौशल और शासन की योजनाओं से मिले सहयोग का परिणाम है।

  • समूह की महिलाओं ने शासन की लाभकारी योजनाओं का लाभ मिलने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहयोग से उन्हें सम्मानजनक आजीविका और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है।