back to top

राजनांदगांव में ई-साक्ष्य और सीसीटीएनएस पर रेंज स्तरीय प्रशिक्षण, तकनीक आधारित पुलिसिंग को मिलेगा बढ़ावा…

राजनांदगांव। नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और अपराध अनुसंधान को अधिक पारदर्शी, तकनीक-आधारित एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस लाइन राजनांदगांव में ई-साक्ष्य (e-Sakshya) एवं क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (CCTNS) विषय पर रेंज स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

Advertisements

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री अजय कुमार यादव (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को डिजिटल तकनीकों के माध्यम से अपराध अनुसंधान को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए प्रशिक्षित करना था।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ई-साक्ष्य मोबाइल एप के माध्यम से घटनास्थल पर फोटो एवं वीडियो साक्ष्य संकलन, डिजिटल साक्ष्यों के सुरक्षित प्रबंधन, सीसीटीएनएस में एफआईआर से लिंकिंग, डिजिटल दस्तावेजों के संधारण तथा नवीन आपराधिक कानूनों के अनुरूप अनुसंधान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

इसके साथ ही सीसीटीएनएस पोर्टल की विभिन्न सुविधाओं के व्यावहारिक उपयोग, ई-मुलाहिजा, ई-एफआईआर तथा ई-एफएसएल की ऑनलाइन प्रक्रिया का भी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

अधिकारियों को बताया गया कि ई-साक्ष्य और सीसीटीएनएस जैसी डिजिटल प्रणालियां पुलिस अनुसंधान को अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और दक्ष बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों से अपेक्षा की गई कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का व्यवहारिक उपयोग कर अनुसंधान कार्यों की गुणवत्ता में सुधार लाएं तथा तकनीक आधारित पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाएं।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती गीता वाधवानी, उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती नवी मोनिका पाण्डेय सहित राजनांदगांव रेंज के विभिन्न पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Advertisements

You cannot copy content of this page