राजनांदगांव: प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना…

  • मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं खाद्य मानकों की जांच के लिए किया जा रहा व्यापक एवं सघन निरीक्षण

  • राजनांदगांव 29 जुलाई 2026। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत शासकीय शालाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जाने वाले मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं खाद्य मानकों की जांच के लिए जिले में व्यापक एवं सघन निरीक्षण किया जा रहा है।
  • इसके तहत वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा जिले के विभिन्न शालाओं का औचक निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत तैयार भोजन एवं खाद्य सामग्री के कुल 10 नमूने संकलित कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए।

  • जिसमें शासकीय प्राथमिक शाला फरहद से पका हुआ चावल, अनुसूचित जाति आश्रम शाला पनेका से मुनगा दाल की सब्जी, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पनेका से केला, आलू एवं भाटा (बैंगन) की सब्जी, शासकीय प्राथमिक शाला पनेका से मुनगा दाल की सब्जी, शासकीय प्राथमिक शाला बाकल से पकी हुई अरहर (रहर) दाल, कद्दू की सब्जी, माध्यमिक शाला तुमड़ीबोड (डोंगरगांव) से पका चावल एवं आलू की सब्जी, प्राथमिक शाला तुमड़ीबोड से पका चावल एवं पकी अरहर की दाल के नमूने का संग्रहित कर प्रयोगशाला भेजा गया है।
  • निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों द्वारा शालाओं के रसोईघर की स्वच्छता, पेयजल की शुद्धता, खाद्यान्न सामग्री (दाल, तेल, मसाले, सब्जियां) की गुणवत्ता तथा भोजन पकाने व परोसने हेतु प्रयुक्त बर्तनों की सफाई का परीक्षण किया जा रहा है।
  • साथ ही स्व-सहायता समूहों एवं रसोइयों को गुड हाइजीनिक प्रैक्टिस का कड़ाई से पालन करने हेतु आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए जा रहे हैं। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।