
राजनांदगांव। जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस चौकी सुरगी ने शांति भंग करने की आशंका के चलते एक युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 1 अगस्त को ग्राम सुरगी के ग्रामीणों ने सूचना दी थी कि एक व्यक्ति चोरी-छिपे अवैध शराब बेचकर गांव का माहौल खराब कर रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस चौकी सुरगी की टीम मौके पर पहुंची और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में संदेही सुमित सिंहा (18 वर्ष), निवासी तिरंगा चौक, सुरगी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से कोई अवैध शराब बरामद नहीं हुई।
पुलिस के अनुसार तलाशी के बाद सुमित सिंहा ने कार्रवाई का विरोध करते हुए गवाहों से विवाद शुरू कर दिया और हंगामा करने लगा। इससे क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था भंग होने तथा किसी संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत कार्रवाई की। इसके बाद धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर उसे कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
न्यायालय द्वारा जेल वारंट जारी किए जाने के बाद आरोपी को जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।
राजनांदगांव पुलिस ने आम नागरिकों से कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा है कि भविष्य में भी शांति भंग करने वाले असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।










































