back to top

डोंगरगढ़: बोईरडीह में प्रस्तावित बायोगैस प्लांट का ग्रामीणों ने किया विरोध, हर्षिता स्वामी बघेल ने की चौपाल…

ग्रामीणों की मांग—चारागाह भूमि पर नहीं बने प्लांट, अन्य स्थान पर हो स्थापना

Advertisements

डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत बोईरडीह में प्रस्तावित बायोगैस प्लांट के विरोध में शनिवार को कांग्रेस ने ग्रामीणों के साथ चौपाल आयोजित की।

इस दौरान डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने ग्रामीणों की समस्याओं और चिंताओं को गंभीरता से सुना तथा प्रस्तावित बायोगैस प्लांट का विरोध करते हुए कहा कि इससे पर्यावरण, स्वास्थ्य एवं कृषि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।

चौपाल में ग्रामीणों ने बताया कि जिस स्थान पर बायोगैस प्लांट प्रस्तावित है, वह गांव के मवेशियों के लिए एकमात्र चारागाह है। ऐसे में वहां प्लांट स्थापित होने से पशुपालकों और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने ग्रामीणों की भावनाओं का सम्मान करते हुए आश्वासन दिया कि ग्राम पंचायत बोईरडीह में बायोगैस प्लांट नहीं खुलने दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्लांट की स्थापना के लिए किसी अन्य उपयुक्त स्थान का चयन करने की मांग शासन-प्रशासन से की जाएगी।

उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के हितों की रक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और उनकी आवाज़ को हर स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष हरीश देशमुख, जनपद सदस्य मोहनीश धनकर, जनपद सदस्य शुभम पांडे, कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Advertisements

You cannot copy content of this page