राजनांदगांव: अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई…

राजनांदगांव। जिले में अवैध शराब की तस्करी, परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राजनांदगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई में 346 पौवा (65.52 बल्क लीटर) अवैध शराब, बिक्री की नगदी सहित कुल 50,180 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक एवं साइबर क्राइम की नोडल अधिकारी वैषाली जैन के पर्यवेक्षण में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार के नेतृत्व में साइबर सेल, थाना कोतवाली, थाना बसंतपुर एवं चौकी चिखली की संयुक्त टीम ने 6 अगस्त को विभिन्न स्थानों पर एक साथ दबिश देकर कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान कृपेश रजक, उत्तम प्रजापति, दउआ राम प्रजापति और धनेश भीमरे को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से कुल 346 पौवा अवैध शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 41,520 रुपये, तथा 8,660 रुपये की बिक्री राशि बरामद की गई। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 50,180 रुपये बताया गया है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और शराब तस्करों एवं अवैध कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।