राजनांदगांव: होटल में चल रहा था अवैध शराब का कारोबार, गैंदाटोला पुलिस ने मारा छापा…

राजनांदगांव। गैंदाटोला थाना पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से 48 पौवा देशी शराब जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी मंजुलता बाज के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार साहू के नेतृत्व में क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी दौरान 7 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम खपराभाठ में टिकेश कुमार अरकरा अपने होटल में बिक्री के लिए अवैध रूप से शराब रखे हुए है। सूचना के आधार पर पुलिस ने होटल में छापेमारी की और आरोपी टिकेश कुमार अरकरा (39 वर्ष) निवासी ग्राम खपराभाठ को गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 48 पौवा (8.640 बल्क लीटर) महाराष्ट्र निर्मित देशी प्रीमियम डीलक्स सुपर संत्रा शराब, जिसकी कीमत 3,840 रुपये है, बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार साहू, सहायक उपनिरीक्षक मेघनाथ सिन्हा तथा आरक्षक मोहित साहू और राकेश साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।