राजनांदगांव: लंबित अपराधों के जल्द निपटारे पर जोर, IG अजय यादव ने ली अपराध समीक्षा बैठक…

राजनांदगांव। जिले में अपराध नियंत्रण और लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण को लेकर पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय यादव ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मीटिंग हॉल में अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा समेत जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना और चौकी प्रभारी मौजूद रहे।

बैठक में जिले के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई और उनके त्वरित एवं विधिसम्मत निराकरण के निर्देश दिए गए। खास तौर पर मई माह से पहले के लंबित मामलों, एक वर्ष से अधिक पुराने आपराधिक प्रकरणों, चालान, खात्मा प्रकरणों, ब्लाइंड मर्डर और अन्य गंभीर मामलों में गुणवत्तापूर्ण विवेचना करते हुए समयबद्ध कार्रवाई पर जोर दिया गया।

आईजी ने सभी राजपत्रित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के मामलों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही नवीन आपराधिक कानूनों और संगठित अपराधों से जुड़े प्रावधानों का प्रभावी उपयोग करने तथा NDPS एक्ट के मामलों में मजबूत विवेचना सुनिश्चित करने को कहा गया। SAFEMA के तहत संपत्ति फ्रीजिंग और जब्ती की कार्रवाई में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने जिले के सभी थाना प्रभारियों की अलग बैठक लेकर अपराध नियंत्रण और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने गंभीर और संवेदनशील मामलों में व्यक्तिगत निगरानी रखते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा विवेचना की गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने, विभागीय जांचों का समयबद्ध निराकरण करने और महिला संबंधी शिकायतों पर संवेदनशील एवं सम्मानजनक तरीके से तत्काल कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा अवैध प्रवासियों और संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।

आईजी अजय यादव ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आम नागरिकों के साथ शालीन, संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार रखने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को पुलिस से सहज और सम्मानजनक व्यवहार मिलना चाहिए।

आगामी दिनों में संभावित कानून-व्यवस्था की परिस्थितियों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को पहले से तैयार एवं मुस्तैद रखने के निर्देश भी बैठक में दिए गए।