
15.92 करोड़ की लागत से बनेगा प्रदेश का सबसे बड़ा 2000 सीटर ऑडिटोरियम, शहर के 51 वार्डों में सड़क-नाली, पेयजल और विद्युतीकरण के होंगे काम
राजनांदगांव, 9 अगस्त। राजनांदगांव शहर के विकास को रविवार को बड़ी सौगात मिली। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने शहर में 43 करोड़ 61 लाख 26 हजार रुपए की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
इनमें 15 करोड़ 92 लाख रुपए की लागत से बनने वाला 2000 सीटर ऑडिटोरियम प्रमुख आकर्षण है। इसे प्रदेश का सबसे बड़ा ऑडिटोरियम बताया गया है। इसके निर्माण से राजनांदगांव में बड़े सांस्कृतिक, सामाजिक और अन्य आयोजनों के लिए आधुनिक एवं व्यवस्थित सुविधा उपलब्ध होगी।
51 वार्डों में होंगे अधोसंरचना विकास के कार्यभूमिपूजन किए गए कार्यों में शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग, विद्युतीकरण, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल पाइपलाइन विस्तार, सामुदायिक भवन एवं मुक्तिधाम उन्नयन सहित अनेक कार्य शामिल हैं। 15वें वित्त आयोग के अनटाइड ग्रांट से 12 करोड़ 9 लाख 44 हजार रुपए की लागत से सड़क, नाली और विद्युतीकरण के कार्य किए जाएंगे।
वहीं अधोसंरचना मद से 11 करोड़ 57 लाख रुपए के कार्य होंगे।मुख्यमंत्री घोषणा के तहत 1 करोड़ रुपए की लागत से चार वार्डों में सड़क, नाली एवं सामुदायिक भवन निर्माण तथा 15वें वित्त आयोग के टाइड ग्रांट के पेयजल प्रबंधन घटक से 3 करोड़ 2 लाख 82 हजार रुपए की लागत से विभिन्न वार्डों में पाइपलाइन विस्तार किया जाएगा।
2000 सीटर ऑडिटोरियम में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएंविधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव में बनने वाला 2000 सीटर ऑडिटोरियम शहर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि होगी।
इसमें बड़े आयोजनों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध होंगी। ऑडिटोरियम में पार्किंग, कॉरिडोर के साथ करीब एक हजार लोगों के एक साथ बैठकर भोजन करने की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि यह ऑडिटोरियम राजनांदगांव सहित आसपास के नगरीय क्षेत्रों के लिए बड़े आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
डॉ. सिंह ने नगर निगम क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए अतिरिक्त 10 एमएलडी जल शोधन संयंत्र स्थापित करने की आवश्यकता बताई। साथ ही गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम के पीछे गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के विवाह एवं सामाजिक आयोजनों के लिए शेड और अतिरिक्त कक्षों के निर्माण का प्रस्ताव रखा।
पिछले दो वर्षों में नगर निगम को मिले 267 करोड़उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने कहा कि राजनांदगांव के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद पिछले दो वर्षों में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से राजनांदगांव नगर निगम को विकास कार्यों के लिए करीब 267 करोड़ रुपए प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने कहा कि शहरों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधापूर्ण बनाने के लिए सरकार योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। उप मुख्यमंत्री ने राजनांदगांववासियों से शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में देश में अग्रणी बनाने का संकल्प लेने की अपील की।इन बड़े कार्यों को भी जल्द मिलेगी स्वीकृतिउप मुख्यमंत्री साव ने राजनांदगांव के लिए प्रस्तावित कई महत्वपूर्ण कार्यों की जानकारी दी।
गांधी चौक, पोस्ट ऑफिस चौक और नंदई चौक सहित प्रमुख चौकों के सौंदर्यीकरण के लिए करीब 3 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रक्रियाधीन है। रानी सागर एवं बूढ़ा सागर तालाब के पुनर्विकास के लिए 14 करोड़ रुपए की योजना तैयार की गई है।
इसके अलावा जीई रोड से लखोली कबाड़ी दुकान तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 6.85 करोड़ रुपए, आरके नगर चौक से डोंगरगांव रोड तक सड़क निर्माण के लिए 6.90 करोड़ रुपए और बायपास कन्हारपुरी से तिरंगा चौक तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 5.50 करोड़ रुपए की स्वीकृति शीघ्र दिए जाने की जानकारी दी गई।मोहारा जल संयंत्र के री-मरम्मत कार्य के लिए 4 करोड़ रुपए तथा ढाबा, गौरीनगर और गोकुलनगर में ओवरहेड टैंक निर्माण के लिए 12.61 करोड़ रुपए की स्वीकृति भी शीघ्र प्रदान किए जाने की बात कही गई।
रेल सुविधाओं को लेकर सांसद ने गिनाईं उपलब्धियांसांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि राजनांदगांव के विकास के लिए शासन द्वारा 43 करोड़ 61 लाख 26 हजार रुपए की सौगात दी गई है। उन्होंने जिले में चल रहे रेल एवं अधोसंरचना विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि परमालकसा से खरसिया तक नई रेल लाइन का काम किया जा रहा है।
राजनांदगांव और डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशनों को मॉडल एवं अमृत रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि गौरीनगर और स्टेशन पारा अंडरब्रिज का निर्माण दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है, जबकि मोतीपुर अंडरब्रिज का काम जल्द शुरू होगा। डोंगरगढ़ से कटघोरा तक नई रेल लाइन की स्वीकृति भी दी गई है।
1000 पौधों का किया गया वितरणकार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए करीब 1000 पौधों का वितरण भी किया गया।
जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से शहर को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने में सहयोग की अपील की।कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा, श्रम कल्याण मंडल अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष सचिन बघेल, राजगामी संपदा न्यास अध्यक्ष पूर्णिमा साहू, कोमल सिंह राजपूत, संतोष अग्रवाल, नगर निगम सभापति पारस वर्मा, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, जिला पंचायत सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।









































