
राजनांदगांव। गंज चौक में फल ठेला लगाने वाले व्यक्ति से शराब पीने के लिए पैसे मांगने और मना करने पर चाकू दिखाकर मारपीट करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का कांटेदार एवं धारदार चाकू बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त 2026 को प्रार्थी ने थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह रोजाना की तरह गंज चौक में फल का ठेला लगाता है।
शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच अजय मंडावी और मनोज साहू उसके ठेले के पास पहुंचे और शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगने लगे। पैसे देने से मना करने पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के एवं लात से मारपीट की।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 429/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तत्काल कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ा
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री के.पी. मरकाम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने घटना करना स्वीकार किया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लोहे का कांटेदार एवं धारदार चाकू बरामद किया गया। मामले में आम्र्स एक्ट की धारा 25 और 27 भी जोड़ी गई।
पुलिस ने आरोपी मनोज साहू (30 वर्ष), निवासी कुआं चौक नंदई, थाना बसंतपुर और अजय मंडावी (31 वर्ष), निवासी डबरीपारा, थाना बसंतपुर को 10 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं और उनके खिलाफ थाना कोतवाली एवं बसंतपुर में पूर्व के प्रकरण दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र शाह, सहायक उप निरीक्षक संजीव कुमार मालेकर, आरक्षक प्रयंश सिंह एवं लिलेन्द्र पटेल की सराहनीय भूमिका रही।









































