back to top

जिला अस्पताल मोहला में अब हर शुक्रवार स्त्री एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ की मिलेगी सेवा…

मोहला, 14 अगस्त 2026। जिला अस्पताल मोहला में अब प्रत्येक शुक्रवार को ओपीडी समय में स्त्री रोग एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। जिला स्वास्थ्य समिति, जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी की पहल से जिले के नागरिकों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी।

स्त्री रोग विशेषज्ञ द्वारा महिलाओं से संबंधित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच एवं उपचार किया जाएगा। इसमें मासिक धर्म संबंधी समस्याएं, सफेद पानी (ल्यूकोरिया), खुजली एवं जलन, दर्दयुक्त मासिक धर्म, गर्भधारण संबंधी समस्या एवं बांझपन की जांच, गर्भावस्था की जांच एवं परामर्श, मेनोपॉज संबंधी समस्याएं, गर्भाशय में गांठ (फाइब्रॉइड), डिंबाशय संबंधी समस्या तथा अन्य स्त्री रोगों का परीक्षण एवं उपचार शामिल है।

  • उच्च जोखिम वाली गर्भवती माताओं की भी होगी जांच

जिला अस्पताल में उच्च जोखिम वाली गर्भवती माताओं की विशेष जांच एवं आवश्यक परामर्श भी किया जाएगा। उच्च रक्तचाप (बीपी) एवं प्री-एक्लेम्पसिया, मधुमेह, अनीमिया, पिछले सिजेरियन या गर्भपात का इतिहास, जुड़वां या अधिक गर्भ तथा अन्य जटिल गर्भावस्था के मामलों में विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध रहेगा। स्वास्थ्य विभाग ने गर्भवती माताओं से समय पर जांच कराने की अपील की है, ताकि संभावित जटिलताओं की समय रहते पहचान कर आवश्यक उपचार किया जा सके।

  • हड्डी एवं जोड़ संबंधी समस्याओं का मिलेगा विशेषज्ञ उपचार

हड्डी रोग विशेषज्ञ द्वारा हड्डी, जोड़, नस एवं मांसपेशियों से संबंधित विभिन्न समस्याओं की जांच एवं उपचार किया जाएगा। इसमें घुटने, कूल्हे एवं कंधे के जोड़ों में दर्द, फ्रैक्चर एवं हड्डी की चोट, गठिया एवं स्पोंडिलाइटिस, कमर एवं गर्दन दर्द, मांसपेशियों में खिंचाव एवं चोट सहित अन्य हड्डी एवं जोड़ संबंधी समस्याओं का उपचार एवं परामर्श शामिल है।

  • प्रत्येक शुक्रवार सुबह 9 बजे से ओपीडी में सेवा

विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं प्रत्येक शुक्रवार को प्रातः 9 बजे से ओपीडी समय तक जिला अस्पताल मोहला में उपलब्ध रहेंगी। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर समय पर जांच कराएं और उपलब्ध विशेषज्ञ सेवाओं का लाभ उठाएं। समय पर जांच, सही उपचार—स्वस्थ महिला, स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज के उद्देश्य से जिला अस्पताल मोहला में यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

Advertisements

You cannot copy content of this page