back to top

अपनी जड़ों से जुड़े रहें, विकास में दें योगदान-कलेक्टर प्रजापति…

मोहला, 14 अगस्त 2026। देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 14 अगस्त को जिला स्तरीय स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया।

Advertisements

स्वतंत्रता दौड़ में जिले के युवाओं, खिलाड़ियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। स्वतंत्रता दौड़ के माध्यम से जिलेवासियों को स्वतंत्रता के मूल्यों, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, देशभक्ति और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।


जिला स्तरीय स्वतंत्रता दौड़ का शुभारंभ आज प्रातः 7:30 बजे फव्वारा चौक, मोहला से हुआ। प्रतिभागी दुर्गा चौक, बस स्टैंड एवं मोहला थाना मार्ग से होते हुए मिनी स्टेडियम पहुंचे, जहां स्वतंत्रता दौड़ का समापन हुआ। इस दौरान पूरे मार्ग में देशभक्ति और उत्साह का वातावरण रहा।


कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने कहा कि भारत की पहचान विविधता में एकता से है। अलग-अलग भाषा, संस्कृति, परंपरा और विचारों के बावजूद सभी को एक सूत्र में बांधे रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हमें अपनी जड़ों से जुड़े रहकर अपने गांव, समाज और जिले के विकास में योगदान देना चाहिए।

उन्होंने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस को हर्षोल्लास के साथ मनाने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने युवाओं को समय का सदुपयोग करते हुए अपने करियर और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने को कहा। उन्होंने कहा कि युवा अपने जीवन में ऐसा मुकाम हासिल करें, जिससे वे स्वयं आगे बढ़ने के साथ दूसरों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकें।


एसएसपी श्री यशपाल सिंह ने कहा कि देश की स्वतंत्रता असंख्य वीर शहीदों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता हमारे लिए केवल अधिकार नहीं, बल्कि गौरवशाली विरासत भी है। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी विशेषता अनेकता में एकता है।

देश में विभिन्न जाति, धर्म, भाषा और संस्कृति के लोग एक साथ रहते हैं और यही हमारी मजबूत राष्ट्रीय पहचान है। उन्होंने सभी से इस एकता और भाईचारे को बनाए रखते हुए स्वतंत्रता की इस विरासत को सहेजकर रखने की अपील की।

  • नशामुक्ति का लिया संकल्प

स्वतंत्रता दौड़ के अवसर पर नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। उपस्थित लोगों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने का संकल्प लिया। बच्चों एवं युवाओं को विशेष रूप से नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

Advertisements

You cannot copy content of this page