राजनांदगांव: डोंगरगांव में 155 पौवा अवैध शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार…

राजनांदगांव/डोंगरगांव, 18 अगस्त 2026। थाना डोंगरगांव पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम उमरवाही में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 155 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की है, जिसकी कुल मात्रा 27.900 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 12,400 रुपये बताई गई है।

Advertisements

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं एसडीओपी श्रीमती मंजुलता बाज के मार्गदर्शन में जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 18 अगस्त को थाना डोंगरगांव पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त एवं जुर्म जरायम की पतासाजी के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान ग्राम उमरवाही बाजार चौक के पास मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम निवासी नोकलाल जांगड़े अपने घर की बाड़ी में बिक्री के लिए बड़ी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर रखा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के घर और बाड़ी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पैरावट के पास सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी में छिपाकर रखी 155 पौवा देशी प्लेन शराब, सवा सेरा ब्रांड, प्रत्येक 180 एमएल, बरामद हुई। शराब की कुल मात्रा 27.900 बल्क लीटर तथा कीमत करीब 12,400 रुपये आंकी गई।

आरोपी द्वारा शराब रखने एवं बिक्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या अनुज्ञप्ति प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने उसके खिलाफ थाना डोंगरगांव में अपराध क्रमांक 254/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज किया। आरोपी नोकलाल जांगड़े पिता रामदास जांगड़े, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम उमरवाही, थाना डोंगरगांव, जिला राजनांदगांव को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक रमाकांत कुरें, प्रधान आरक्षक सुरेश सिंह राजपूत तथा आरक्षक बीस राम वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।