
राजनांदगांव, 18 अगस्त 2026। थाना लालबाग पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और संभावित अपराध को रोकने के लिए निगरानी बदमाश के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में अटल आवास पेंड्री ब्लॉक नंबर 12 निवासी सुनील मरकाम उर्फ टीर्रू पिता भारत मरकाम, उम्र 28 वर्ष के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक, 7 अगस्त 2026 को प्रार्थिया गायत्री विश्वकर्मा और उसके परिवार के साथ गाली-गलौज, मारपीट तथा जान से मारने की धमकी देने की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त को भी आरोपी द्वारा विवाद कर शांति भंग करने का प्रयास किया गया। साथ ही भविष्य में पुनः किसी संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
आरोपी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर पृथक से धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार किया गया। इसके बाद आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला राजनांदगांव स्थित माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।









































