सीएम हेल्पलाइन सहित शिकायत पोर्टलों में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से करें निराकरण — कलेक्टर प्रजापति…

मोहला, 18 अगस्त 2026। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभागीय कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन, जनदर्शन, सीसीएमएस एवं अन्य शिकायत पोर्टलों में प्राप्त शिकायतों की विभागवार गहन समीक्षा की।

Advertisements

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पोर्टलों में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। इसके लिए उन्होंने कार्यालय स्तर पर विशेष सेल गठित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक प्रकरण की समयबद्ध मॉनिटरिंग एवं निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।


कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने नक्सल पुनर्वास नीति के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिल चुका है, उनकी जानकारी पोर्टल पर समयबद्ध रूप से दर्ज करें तथा शेष पात्र हितग्राहियों को प्राथमिकता के आधार पर शासन की योजनाओं से लाभान्वित करें।

इस दौरान उन्होंने नक्सल पुनर्वास के अंतर्गत दिए जाने वाले कौशल प्रशिक्षण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, यात्री किराये में छूट, रोजगार एवं नौकरी से संबंधित प्रकरणों, अनुग्रह राशि वितरण, भूखंड एवं आवास संबंधी सुविधाओं तथा छात्रवृत्ति से जुड़े प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की।


कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को हितग्राहियों के सर्वेक्षण से संबंधित जानकारी की ऑनलाइन शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नौकरी प्रदान किए जाने से संबंधित प्रकरणों तथा लंबित राशि के वितरण की समीक्षा की और सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नक्सल पुनर्वास नीति के तहत सभी विभाग संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, ताकि पुनर्वास की मुख्यधारा से जुड़ने वाले हितग्राहियों को शासन की सभी योजनाओं का लाभ मिल सके।

कलेक्टर ने उच्च न्यायालय से संबंधित लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि न्यायालयीन मामलों में निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा आवश्यक कार्रवाई समय पर पूर्ण की जाए।


श्रम विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने ई-श्रम साथी मोबाइल ऐप का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा श्रमिक पंजीयन में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बस्तर मुन्ने अभियान की भी समीक्षा की। इस दौरान जनधन खाता, श्रमिक कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न व्यक्तिमूलक एवं परिवारमूलक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कार्ययोजना तैयार कर सर्वे एवं एंट्री कार्य में आवश्यक प्रगति लाने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे, एसडीएम मानपुर श्री अमित नाथ योगी, डिप्टी कलेक्टर श्री डीआर ध्रुव सहित संबंधित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहें।