
मोहला 18 अगस्त 2026। धमतरी में आयोजित राज्य स्तरीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया।

प्रतियोगिता में जिले की ओर से द फिटनेस पाठशाला जिम, अंबागढ़ चौकी से जुड़े 14 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर कुल 16 पदक अपने नाम किए, जिसमें 7 स्वर्ण, 8 रजत और 1 कांस्य पदक शामिल हैं। शानदार प्रदर्शन के आधार पर जिले की टीम ने टीम चैंपियनशिप अवॉर्ड पर भी कब्जा जमाया।
प्रतियोगिता में पंकज नेताम ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि खुशी धालेंद्र ने दो स्वर्ण पदक जीतने के साथ छत्तीसगढ़ जूनियर बेस्ट लिफ्टर का खिताब अपने नाम किया। रवि कुमार ने एक स्वर्ण तथा चिन्मय ने दो स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं साहिल निराला ने एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतकर जिले की पदक तालिका में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इसके अलावा गजेंद्र, रेश्मी, रीत, डेज़ी, करण, सजल शिवहरे, बिलाल एवं निखिल पटवा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किए। जिले की युवा खिलाड़ी आनिया खान का स्कूल गेम्स वेटलिफ्टिंग में संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।
उनकी यह उपलब्धि जिले में खेल प्रतिभाओं के लगातार उभरने का प्रमाण है। खिलाड़ियों की इस सफलता से जिले के खेल जगत में उत्साह का माहौल है और आने वाले समय में इन खिलाड़ियों से राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार उपलब्धि हासिल करने के बाद जिले के खिलाड़ियों और कोच शाहरुख खान ने कलेक्टर श्रीमती प्रजापति से सौजन्य भेंट की।
इस दौरान खिलाड़ियों ने धमतरी में आयोजित प्रतियोगिता में हासिल किए गए 16 पदकों और टीम चैंपियनशिप अवॉर्ड की जानकारी कलेक्टर को दी। खिलाड़ियों की उपलब्धि पर कलेक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों एवं कोच शाहरुख खान को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उपहार भी प्रदान किए।
खिलाड़ियों और कोच ने जिले में पावरलिफ्टिंग सहित अन्य खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के संबंध में कुछ आवश्यक मांगें भी कलेक्टर के समक्ष रखीं। कलेक्टर ने खिलाड़ियों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्यवाही करने तथा उन्हें पूरा करने की दिशा में आश्वासन दिया।
जिला प्रशासन की ओर से मिले इस प्रोत्साहन और सहयोग से खिलाड़ियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ। खिलाड़ियों एवं कोच ने कलेक्टर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह का प्रोत्साहन उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है।










































