जिले में शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ, 5 वर्ष तक के बच्चों को मिलेंगी स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं…

मोहला, 18 अगस्त 2026। जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ मंगलवार को जिला अस्पताल मोहला में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह के कर-कमलों से किया गया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री विजय खोब्रागड़े सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं संबंधित स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

Advertisements


जिले में 18 अगस्त से 24 सितंबर 2026 तक शिशु संरक्षण माह मनाया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के सभी पात्र बच्चों तक आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाकर उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण को सुनिश्चित करना है।

अभियान के तहत 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-A की खुराक तथा 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को आयरन सिरप उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत टीकाकरण से छूटे एवं वंचित बच्चों की पहचान कर उनका आवश्यक टीकाकरण किया जाएगा।


स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 5 वर्ष तक के बच्चों को निर्धारित तिथि पर नजदीकी आयुष्मान आरोग्य मंदिर, उप स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र या जिला अस्पताल में ले जाकर विटामिन-A, आयरन एवं आवश्यक टीकाकरण की सुविधा अवश्य दिलाएं।

जिले में विशेष अभियान चलाकर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे। मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, मितानिनों एवं संबंधित कर्मचारियों के माध्यम से पात्र बच्चों की पहचान कर उन्हें अभियान का लाभ दिलाने की व्यवस्था की गई है।


कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने शिशु संरक्षण माह के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विभाग द्वारा अभियान के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं टीकाकरण को प्राथमिकता देते हुए व्यापक स्तर पर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।