back to top

राजनांदगांव: शराब के लिए 200 रुपये नहीं देने पर ऑटो चालक से मारपीट, आदतन आरोपी गिरफ्तार…

राजनांदगांव। सिटी कोतवाली पुलिस ने मारपीट के मामले में एक आदतन आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर ऑटो चालक के साथ मारपीट की थी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्टीलनुमा रॉड भी जब्त किया है।

Advertisements

पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त को प्रार्थी गुड़ाखू लाइन चौक राजनांदगांव में ऑटो खड़ा कर सवारी का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान करीब दोपहर 3 बजे संजय बांसफोड़ उसके पास पहुंचा और अश्लील गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए 200 रुपये मांगे। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। प्रार्थी की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 460/26 के तहत धारा 296, 115(2), 351(2), 119(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री के.पी. मरकाम के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी संजय बांसफोड़, पिता स्व. रंगलाल बांसफोड़, उम्र 25 वर्ष, निवासी बीएनएसी मिल चाल, बल्देवबाग, राजनांदगांव को तत्काल गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। पुलिस ने पर्याप्त अपराध साक्ष्य पाए जाने पर 24 अगस्त को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

आरोपी के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट, जुआ एक्ट, मारपीट, गाली-गलौज, धमकी, चोरी तथा हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2013 से 2021 तक कई आपराधिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक उपेन्द्र शाह, सहायक उपनिरीक्षक इसराफिल खान एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Advertisements

You cannot copy content of this page