back to top

राजनांदगांव: कलेक्टर ने ग्राम आलीखूटा में आंगनबाड़ी केंद्र एवं विकास कार्यों का किया निरीक्षण…

राजनांदगांव कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम आलीखूटा का भ्रमण कर आंगनबाड़ी केंद्र सहित विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता एवं स्टॉक पंजी का अवलोकन किया। आंगनबाड़ी केंद्र में चिन्हांकित 6 कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में आगामी पांच माह में सुधार लाने के निर्देश महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को दिए।

Advertisements


कलेक्टर ने ग्रामीणों से संवाद कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत ग्राम के लगभग 258 हितग्राहियों को नियमित रूप से राशि प्राप्त हो रही है। योजना अंतर्गत ग्राम में लगभग 70 लाख 40 हजार रूपये की राशि हितग्राहियों को प्रदान की गई है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्राम में 31 आवासों का निर्माण किया गया है।


पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से बिजली खर्च में हो रही बचत कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के हितग्राही श्री रामेश्वर सिंह साहू के घर पहुंचकर स्थापित सोलर पैनल का निरीक्षण किया। हितग्राही ने बताया कि उनके घर में 5 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित किया गया है। जिससे बिजली की खपत एवं विद्युत व्यय में काफी बचत हो रही है।


जलभराव एवं सड़क की समस्या के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश कलेक्टर को ग्रामीणों ने समीपस्थ तालाब के पानी की निकासी नहीं होने से उत्पन्न जलभराव की समस्या से अवगत कराया। कलेक्टर ने तहसीलदार एवं पटवारी को समस्या का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने रानीतराई से आलीखूटा मार्ग की मरम्मत तथा रानीतराई के समीप मिडिल स्कूल के पास ब्रेकर निर्माण की मांग भी रखी। कलेक्टर ने ईपीडब्ल्यूडी के अधिकारी को आगामी दो दिवस में ब्रेकर निर्माण कराने तथा सड़क मरम्मत का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Advertisements

You cannot copy content of this page