
राजनांदगांव। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं गणेश उत्सव के मद्देनजर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने राजनांदगांव पुलिस द्वारा असामाजिक और उपद्रवी तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस चौकी सुरगी ने चार लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर को ग्राम सुरगी के ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि कुछ लोग चोरी-छिपे अवैध शराब की बिक्री कर गांव का माहौल खराब कर रहे हैं। सूचना पर चौकी सुरगी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली। हालांकि, तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कोई अवैध शराब बरामद नहीं हुई।
पुलिस कार्रवाई के दौरान संबंधित व्यक्तियों द्वारा गवाहों से विवाद करते हुए कार्रवाई का विरोध किया गया। शिकायत किए जाने की बात को लेकर उन्होंने हंगामा भी किया। पुलिस के मुताबिक, इस स्थिति से क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था भंग होने तथा किसी संज्ञेय अपराध की आशंका उत्पन्न हो गई।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने हिरेंद्र साहू (30), राधेश्याम साहू (49), होम लाल साहू (25) और संतोष विश्वकर्मा (48), सभी निवासी ग्राम सुरगी, के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया। इसके बाद धारा 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर चारों को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, राजनांदगांव के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में की गई।











































