
राजनांदगांव, 5 सितंबर 2026। शिक्षक दिवस के अवसर पर दिव्यांगजनों के कल्याणार्थ संचालित शिक्षण-प्रशिक्षण सह पुनर्वास संस्थान अभिलाषा में गरिमामय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में 9 दिव्यांग शिक्षकों सहित कुल 27 शिक्षकों एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों का क्रमवार सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन तथा मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुआ।
अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया। संस्था अध्यक्ष संतोष कुमार बोद्दून ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि संस्था की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी प्रशासक दिलीप श्रीवास्तव ने दी।
समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने शिक्षकों को सम्मानित करते हुए कहा कि दिव्यांगता विकास की राह में बाधा नहीं है। यदि कोई दिव्यांग विशेष शिक्षा प्राप्त करना चाहता है तो वे व्यक्तिगत रूप से सहयोग करने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की आधुनिक व्यवस्थाओं के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी बदलाव और तकनीक से जुड़ना आवश्यक है।
कलेक्टर ने अभिलाषा संस्था की गतिविधियों और दिव्यांग बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि जब तक वे छत्तीसगढ़ में रहेंगे, अभिलाषा संस्था से जुड़े रहेंगे और संस्था को हरसंभव सहयोग देने का प्रयास करेंगे।
संस्था को सहयोग करने वाले लोगों के प्रति आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि अच्छे कार्य का प्रचार करने की आवश्यकता नहीं होती, अच्छे कार्य का परिणाम स्वयं सामने आता है।
समारोह में अभिलाषा संस्था के प्रशासक दिलीप श्रीवास्तव, प्राचार्य श्रीमती वंदना टूरहाटे, शिक्षक बीरेन्द्र गंधर्व, नामी सिंह ठाकुर, भूपेश देशलहरा, नरेन्द्र देवदास, कुशाल चंद जंघेल, महेंद्र सिंह यादव, अमित, पुरुषोत्तम, करण, दुलारी, ललिता, कल्पना, चमेली सहित अन्य शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा शासकीय बौद्धिक मंदता वाले विशेष विद्यालय के महेंद्र सोनवानी, दीप्ति देवांगन, सुभाषिनी तथा शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती पूर्णिमा शुक्ला, अलेन राम ठाकुर, राजेश चंद्र चौधरी, श्रीमती सोमिन साहू और सुश्री फरजाना अख्तर खान सहित अन्य का भी सम्मान किया गया।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दुर्गा प्रसाद अधिकारी एवं उप संचालक समाज कल्याण श्रीमती वैशाली मरडवार ने शुभकामना संदेश प्रेषित किया। संस्था के संरक्षक गौतम पारख ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
समारोह के दौरान चार्टर्ड अकाउंटेंट ग्रुप भिलाई के प्रतीक अग्रवाल एवं उनके साथियों ने संस्था को वॉशिंग मशीन भेंट की।
कार्यक्रम में अभिलाषा के उपाध्यक्ष श्रीमती गीता राठौर, सचिव श्रीमती रूपम सोनछत्रा, कोषाध्यक्ष नीरज कुमार बाजपेई, संयुक्त सचिव आलोक बिंदल, राजेश अग्रवाल, जनसंपर्क प्रभारी सूरज बुद्धदेव सहित संस्था के पदाधिकारी, सदस्य, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन संस्था के प्रशासक दिलीप श्रीवास्तव ने किया।











































